बर्थडे पार्टी में दोस्तों संग डांस कर रहा युवक छत से गिरा, मौत

 

 

 

 

(ब्यूरो कार्यालय)

भोपाल (साई)। मध्य प्रदेश के भोपाल में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक युवक अपने 19वें जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। घर में मेहमान और दोस्त आए थे। पार्टी में डीजे चल रहा था। युवक भी सबके साथ गानों में थिरक रहा था। अचानक उसका पैर फिसला और वह चौथी मंजिल से नीचे आ गिरा। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना हबीबगंज इलाके में हुई।

पुलिस ने बताया कि सावंत कानाडे एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसका 19वां जन्मदिन था। परिवारवालों ने उसके जन्मदिन की पार्टी 11 नंबर बस स्टैंड के पास स्थित अपने घर में रखी थी। इस पार्टी में उसके दोस्त और कुछ रिश्तेदार आए थे। घर की छत पर पार्टी चल रही थी।

बताया जा रहा है कि डीजे चल रहा था। सावंत अपने दोस्तों के साथ तेज गानों पर नाच रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरा। अचानक जन्मदिन का जश्न मातम में बदल गया।

लोग दौड़कर नीचे आए और सावंत को अस्पताल ले जाया गया। उसे यहां के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि सावंत चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।