कल आयेंगे केंद्रीय मंत्री कुलस्ते

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं मण्डला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मंत्री मण्डल में शामिल होने के पश्चात गुरूवार 06 जून को अपने प्रथम प्रवास पर सिवनी आयेंगे।

इस अवसर पर श्री कुलस्ते एवं बालाघाट सांसद डॉक्टर ढाल सिंह बिसेन के सम्मान में भाजपा जिला कार्यालय में शाम 05 बजे एक स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

उक्त आशय की जानकारी देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी ने बताया कि श्री कुलस्ते केवलारी, पलारी, कान्हीवाड़ा होते हुए शाम 04 बजे डूण्डा सिवनी चौराहा पहुँचेंगे। यहाँ से बालाघाट सांसद ढाल सिंह बिसेन भी उनके साथ शामिल होंगे। यहाँ से वे शाम 05 बजे भाजपा जिला कार्यालय पहुँचेंगे। इस दौरान प्रमुख स्थानों पर कार्यकर्त्ताओं द्वारा सांसद द्वय का स्वागत किया जायेगा।

भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि शाम 05 बजे भाजपा कार्यालय में श्री कुलस्ते एवं डॉ.बिसेन का स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया है। साथ ही इस कार्यक्रम में कार्यकर्त्ता भोज भी रखा गया है। इस अवसर पर भाजपा के सभी वरिष्ठ नेतागण, जन प्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता गण उपस्थित रहेंगे। जिला भाजपा द्वारा इस कार्यक्रम में समस्त कार्यकर्त्ताओं को आमंत्रित किया गया है।