बारिश से हुए गर्मी के कसबल ढीले

 

 

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। नौतपा के छठवें दिन सुबह से मौसम का मिजाज बहुत ही सख्त था। सुबह गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को हलाकान कर दिया था। दोपहर होते – होते बादलों के डेरों ने पारे की रफ्तार को थामा और उसके बाद हुई बारिश ने मौसम सुहावना बना दिया।

ब्रहस्पतिवार 30 मई को दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और इसके पिछले चौबीस घण्टों में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार 31 मई को दिन में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। रात के समय गर्मी ज्यादा महसूस हो सकती है।

ब्रहस्पतिवार को दोपहर में आये बादलों ने गर्मी से तो लोगों को राहत दिलायल पर उमस ने लोगों को जमकर परेशान किया। बादल इस कदर घुमड़ आये थे कि दिन में ही घरों के अंदर अंधेरे जैसी स्थिति का आभास होने लगा था। बारिश की संभावनाएं नहीं होने के बाद अचानक हुई बारिश के कारण लोगों को, खुले में रखे सामान को बटोरकर सुरक्षित स्थान पर रखने की कवायद करना पड़ा।

ब्रहस्पतिवार को दिन में लगभग आधे घण्टे हुई बारिश ने गर्मी के कसबल ढीले करकर रख दिये। गर्मी से परेशान लोगोें को बारिश से काफी राहत महसूस हुई। सूखी तपती धरती पर बारिश की बूंदें पड़ने से भाप उठती भी दिखी। इसके बाद उमस ने लोगों को जमकर हलाकान किया।