धूमधाम से मनाया जायेगा नवरात्र पर्व

 

(ब्यूरो कार्यालय)

लखनादौन (साई)। 29 सितंबर से प्रारंभ हो रहे शारदेय नवरात्र पर्व को लेकर श्रद्धालु उत्साहित हैं। देवी दुर्गा को संसार की शक्ति का आधार माना गया है। वेदों और पुराणों मे देवी दुर्गा का वर्णन देवी भगवती और आदि शक्ति महागौरी आदि नामों से किया गया है। देवी भागवत में वर्णन किया गया है कि आश्विन मास में माँ भगवती की पूजा करने से मनुष्य का कल्याण होता है।

इस वर्ष शारदीय नवरात्र के अवसर पर 29 सितंबर को घटस्थापना शुभ मुहूर्त सुबह 07 बजकर 24 मिनिट से लेकर 09 बजकर 39 मिनिट एवं अपरांह 04 बजे से 05 बजे तक का होना तुलाराम दुबे शा़स्त्री द्वारा बताया गया है। हिन्दू पंचाग अनुसार इस साल 10 दिनों का यह पर्व है।

उन्होंने बताया कि इसलिये 08 अक्टूबर को ही विजयदशमी या दशहरा भी मनाया जायेगा। इस दिन कई जगह शस्त्रपूजा भी की जाती है। देवी भागवत के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीराम ने नौ दिन के नवरात्र व्रत को पूरा कर लंका पर चढ़ाई की थी और माँ दुर्गा की अनुकंपा से ही श्रीराम ने विश्व विजयी रावण को पराजित किया था। शक्ति के नौ रूपों की पूजा से देवी प्रसन्न होकर उपासक को वरदान देती हैं जिससे उनके यहाँ सुख समृद्धि का संचार होता है।

शारदेय नवरात्र पर्व को पारंपरिक रूप से मनाने हेतु विगत दिवस युवा मण्डल रघुनाथ कॉलोनी की एक बैठक आयोजित कर सर्व सम्मति से दुर्गात्सव समिति का गठन किया गया। इसके तहत अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, उपाध्यक्ष आशीष पाण्डेय सचिव महेश वर्मा बंटी, सह सचिव अजय मिश्रा कोषाध्यक्ष पं.मनीष शर्मा एवं संयोजक रमेश यादव को चुना गया है।