मोदी के दौरे के पहले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से जिन्ना की फोटो हटाने की उठी मांग!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में सुनिये सोमवार 13 सितंबर का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन.
——–
काँग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबे समय से बीमार होने के कारण वे मंगलुरु के अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन पर काँग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। काँग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ऑस्कर फर्नांडिस को मार्गदर्शक, संरक्षक और संगठन निर्माता बताते हुए कहा कि उनके जैसा नेता शायद ही कोई होगा।
ऑस्कर फर्नांडिस काँग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के करीबी नेता माने जाते थे। वे यूपीए सरकार में सड़क-परिवहन मंत्री भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे राज्यसभा सांसद थे। ऑस्कर फर्नांडिस पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के संसदीय सचिव भी रह चुके हैं। ऑस्कर फर्नांडिस को कुछ हफ्ते पहले ही मंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी वर्ष योग करते समय उन्हें चोट आ गई थी जिसके बाद वे बीमार हो गए थे।
——–
उच्चतम न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 स्थिति की निगरानी के लिए जिला स्तरीय समितियों के गठन के उच्च न्यायालय के आदेश पर सोमवार को रोक लगा दी। हिमाचल प्रदेश हाल ही में अपनी 18 वर्ष से अधिक आबादी में से 100 प्रतिशत को कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक लगाने वाला पहला राज्य बना है और उसने नवंबर के अंत तक पूरी वयस्क आबादी को दूसरी खुराक देने का संकल्प लिया है।
——–
पहली बार विधायक बने भारतीय जनता पार्टी के विधायक 59 वर्ष के भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वे विजय रूपाणी का स्थान लेंगे जिन्होंने राज्य में विधानसभा चुनाव से 15 महीने पहले शनिवार को अचानक अपने पद से स्तीफा दे दिया था।
इससे पहले पटेल को रविवार को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। पहली बार के विधायक पटेल का नाम शीर्ष पद के लिए सामने आने पर कई लोगों को हैरानी हुई क्योंकि राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री के लिए जिन नामों की अटकलें चल रही थी, उनमें कहीं भी उनका नाम नहीं था।
——–
चुनावों से पहले नेताओं के एक दल से दूसरे दलों में जाने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के पोते इंदरजीत सिंह सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। केंद्रीय गृह मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होते ही इंदरजीत सिंह ने काँग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इतने वर्षों तक काँग्रेस के लिए काम करने के बावजूद उनके दादा ज्ञानी जैल सिंह को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वह हकदार थे। उन्होंने कहा कि मेरे दादा की इच्छा थी कि मैं भारतीय जनता पार्टी में जाऊं, इंदरजीत सिंह ने बताया कि दादा ने मुझे अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के पास आशीर्वाद भी लेने के लिए भेजा था। आज उनकी इच्छा पूरी हो गई।
——–
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के फोटो को लेकर फिर से विवाद खड़ा हो गया है। शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 सितंबर को होने वाले दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता वहां से जिन्ना का फोटो हटाने की मांग पर अड़े हैं।
उन्होंने इसके लिए रविवार 12 सितंबर की शाम को डीएस कॉलेज में विरोध प्रदर्शन भी किया, जबकि बाद में गांधी पार्क बस स्टैंड के पास बने पब्लिक टॉयलेट में जिन्ना की तस्वीरें चिपका दीं।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिस वक्त जिन्ना के फोटो शौचालय में लगाए थे, उस समय कुछ लोगों ने फोटो भी खींच लिए थे। थोड़ी देर बाद ही इस घटना से जुड़ी तस्वीरें वायरल होने लगीं। हालांकि, इस बारे में जब प्रशासन को खबर हुई, तो वहां चिपकाए गए फोटो तत्काल हटवा दिए गए।
——–
अफगानिस्तान में कट्टर इस्लामी पाठ्यक्रम लागू करने के प्रयास में तालिबान ने रविवार को कहा कि शरीयत इस्लामी कानूनों की अवहेलना करने वाले विश्वविद्यालय के विषयों को उच्च शिक्षा से हटा दिया जाएगा। कार्यवाहक उच्च शिक्षा मंत्री शेख अब्दुल बाकी हक्कानी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, इस्लामी कानूनों के विरूद्ध प्रत्येक विषय को हटा दिया जाएगा।
हक्कानी ने उल्लेख किया कि लड़कियों और लड़कों के साथ चलने वाली कक्षाएं स्वीकार्य नहीं हैं और पाठ्यक्रम में कुछ बदलाव लाए जाएंगे।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चैनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 प्रतिशत तक सही साबित हुए हैं।
——–
तमिल को देवताओं की भाषा बताते हुए मद्रास हाई कोर्ट ने कहा है कि देश भर में मंदिरों का अभिषेक अज़वार और नयनमार के अलावा अरुणगिरिनाथर जैसे संतों द्वारा रचित तमिल भजनों के माध्यम से किया जाना चाहिए।
न्यायमूर्ति एन.किरुबाकरण और न्यायमूर्ति बी.पुगलेंधी की पीठ ने हाल के एक आदेश में यह भी कहा कि हमारे देश में यह विश्वास किया जाता है कि केवल संस्कृत ही भगवान की भाषा है। विभिन्न देशों और धर्मों में, विभिन्न प्रकार की मान्यताएं अस्तित्व में थीं और पूजा के स्थान भी संस्कृति और धर्म के अनुसार बदलते हैं।
पीठ ने कहा, हमारे देश में, यह माना जाता है कि संस्कृत अकेले ईश्वर की भाषा है और कोई अन्य भाषा समकक्ष नहीं है। निस्संदेह, संस्कृत एक विशाल प्राचीन साहित्य के साथ प्राचीन भाषा है। लोगों को विश्वास है कि यदि संस्कृत वेदों का पाठ किया जाता है, तो भगवान भक्तों की प्रार्थना सुनेंगे।
——–
पेगासस जासूसी कांड पर सोमवार को केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखिल करने से मना कर दिया। सरकार के इस जवाब से नाराज सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हमने पिछली सुनवाई में सरकार को हलफनामा दाखिल करने का मौका दिया था, पर अब क्या कर सकते हैं आदेश देना ही होगा। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पत्रकारों और नामी लोगों ने जासूसी की शिकायत की है और ये गंभीर मामला है।
——–
दक्षिणी दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी क्षेत्र में सोमवार को 05 मंजिला इमारत गिर गई। मलबे के नीचे दबे 02 बच्चों सहित 03 लोगों को निकाल लिया गया है। इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। मलबे में अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
——–
शादी को यादगार बनाने की चाहत तो हर किसी की होती है, लेकिन कुछ ही लोग होते हैं जो इस सपने को साकार कर पाते हैं, उन्ही में से एक हैं पश्चिमी बोलीविया के जॉनी पाचेको और हेदी पाको। इस जोड़े ने कॉर्डिलेरा रियल में सबसे ऊंचे पर्वत इलिमनी पर शादी रचाई।
जॉनी पाचेको और हेदी पाको ने समुद्र तल से कुल 21 हजार 125 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर शादी रचाई, साथ ही जिंदगी के खास मौके को यादगार बना दिया। शादी के दौरान जोड़े ने खास परिस्थितियों में ठंड से बचने के लिए पर्वतारोहण हेलमेट और पैरों पर स्टील की स्पाइक्स पहनी थी।
दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को बोलीविया की राजधानी ला पाज से इलिमनी पर्वत के शिखर तक पहुंचने में तीन दिन लग गए। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए काफी तैयारियां की गईं थी। सजावट, भोजन और शादी का सामान पहाड़ की चोटी पर पहुंचाने की जिम्मेदारी बारातियों को सौंपी गई थी।
———
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शरद खरे से सोमवार 13 सितंबर का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन। मंगलवार 14 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)