हनुमान जयंति पर राजराजेश्वरी मंदिर परिसर में स्थापित होगी 75 फीट की धर्मध्वजा

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 13 अप्रैल 2022 का सिवनी जिला स्तरीय ‘मोगली आडियो बुलेटिन‘ सुनिये।
——–
अप्रैल में पड़ रही भीषण गर्मी से जहाँ जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में छाये पेयजल संकट ने ग्रामीणों की समस्याएं और बढ़ा दी हैं। किसी वार्ड में कचरा युक्त पानी आ रहा है तो कहीं, पानी की पतली धार भी लोगों को नसीब नहीं हो पा रही है। नल आने का कोई समय निर्धारित नहीं है, कभी सुबह तो कभी दोपहर बाद नल आ रहे हैं। इतना ही नहीं ठेकेदार का रखरखाव का काम एक साल में पूरा होने वाला है, उसके बाद ठेकेदार अपनी जवाबदेही से पूरी तरह मुक्त ही नजर आ सकता है।
नगर पालिका के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कहा कि लगभग छः साल विलंब से चल रहे जलावर्धन योजना के काम को पूरा करवाने में पालिका को पसीना तो आता दिख रहा है पर ठेकेदार को भुगतान करने में पालिका कोई कसर नहीं रख छोड़ रही है। इस पूरे मामले में सबसे आश्चर्य जनक पहलू यही है कि जिस तरह माडल रोड के ठेकेदार के द्वारा रखरखाव का काम तीन साल तक पूरा कर अपना पल्ला झाड़ लिया गया है। उसी तरह जलावर्धन योजना के ठेकेदार को अब महज एकाध साल भी नवीन जलावर्धन योजना का रखरखाव नहीं करना है। उसके द्वारा एकाध साल के अंदर ही अपना बोरिया बिस्तर समेटकर सिवनी से कूच कर जाया जाएगा, उसके बाद इस आधी अधूरी योजना को संधारित करना पालिका के लिए टेड़ी खीर से कम साबित नहीं होने वाला।
——–
जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद महाराज द्वारा स्थापित माता राजराजेश्वरी मंदिर परिसर में महाकौशल क्षेत्र का सबसे बड़ा संत समागम आयोजित होने जा रहा है। माता राजराजेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा हनुमान जयंती के अवसर पर 16 अप्रैल को परिसर के सामने विशाला नाम की 75 फीट की धर्मध्वजा स्थापित की जाएगी। स्वामी शंकराचार्य महाराज के परम शिष्य दंडी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ज्योर्तिपीठ हिमालय बद्रिकाश्रम के सानिध्य में कार्यक्रम 16 अपै्रल की दोपहर 4 बजे आयोजित होगा। ध्वज स्थापना के बाद विशाल धर्मसभा का आयोजन भी किया गया है जहां समिति द्वारा आचार्य महामंडलेश्वर रामकृष्णानंद महाराज, ब्रम्हचारी ब्रम्हविद्यानंद, ब्रम्हचारी अचलानंद, ब्रम्हचारी राघवनंद महाराज व ब्रम्हचारी रमेशानंद तथा ब्रम्हचारी गोवर्धनदास अंबामाई, ब्रम्हचारी निर्विकल्पस्वरूप महाराज भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
दुर्गा मंदिर आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार 16 अपै्रल की दोपहर एक बजे मारूति मंदिर दुर्गा चौक से पैदल शोभायात्रा निकाली जाएगी। कल्याण साइकल स्टोर बुधवारी बाजार से होते हुए सभी भक्तगण प्रमुख संतों के सानिध्य में अतुल मालू के प्रतिष्ठान के सामने से नेहरू रोड होते हुए श्रीराम मंदिर पहुंचेगे जहां धर्मध्वजा को समर्पित किया जाएगा। शोभायात्रा पुनः नेहरू रोड से गिरजाकुंड होते हुए माता राजराजेश्वरी मंदिर दुर्गा चौक पहुंचेगी जहां प्रकांड पंडितो एवं संतों की उपस्थिति में दंडी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज द्वारा विशाला ध्वजा का आरोहण मंत्रोच्चार के साथ किया जाएगा। ध्वजारोहण के बाद विशाल धर्मसभा का आयोजन के उपरांतस्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज विशेष रूप से संबोधित करेंगे। राजराजेश्वरी मंदिर समिति द्वारा कार्यक्रम के बाद शाम 6 बजे से नगरभोज का आयोजन भी किया जा रहा है जहां कार्यक्रम में उपस्थित सभी सनातन धर्मियों एवं अन्य आम नागरिकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 13 अप्रैल 2022 का सिवनी जिला स्तरीय आपका अपना ‘मोगली आडियो बुलेटिन‘।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लखनादौन क्षेत्र के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर कलेक्टर डाक्टर राहुल हरिदास फटिंग एवं पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक द्वारा लखनादौन पहुँचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने हेलीपेड, प्रस्तावित स्थानीय कार्यक्रम के स्थल के साथ ही सड़क मार्ग का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
——–
भारत सरकार की मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एवं मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एनआईसी) द्वारा डेवलप ई-चालान एप्लीकेशन का त्रि-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्याम कुमार मरावी मार्गदर्शन में आयोजित की गई। एनआईसी भोपाल से आए गौतम डे स्टेट रोलआउट मैनेजर द्वारा ई-चलान सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में सिवनी (समस्त थाना प्रभारी), छिन्दवाड़ा, बालाघाट, मंडला, नरसिंहपुर, डिंडौरी जिले के नोडल ऑफिसर एवं पुलिस स्टॉफ सम्मिलित हुए। प्रशिक्षण में पुलिस स्टाफ को ई-चलान सॉफ्टवेयर की हैंडसऑन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में बताया गया की ट्रैफिक नियमों का उलंघन करने पर पुलिस ऑफिसर द्वारा चालान करने पर आम जनता विभिन्न विभिन्न ऑप्शन जैसे ई- पेमेंट, ऑनलाइन पेमेंट, एसएमएस या एटीएम कार्ड द्वारा भी कर सकते है चालान का भुगतान 10 दिनों में करना होता है। भुगतान न करने पर ऑटोमैटिक चालान वर्चुअल-कोर्ट को फॉरवर्ड हो जाता है। ई-चालान एप्लीकेशन वाहन एवं सारथी डेटाबेस से कनेक्टेड है सॉफ्टवेयर में वाहन का नंबर, आरसी या वाहन के चेसिस नंबर देने पर सारी जानकारी ऑटोमैटिक डेटाबेस से मिल जाती है जिससे चोरी या गलत नंबर या अन्य अपराध में सलंग्न वाहन या ड्राईवर की पहचान तुरंत की जा सकती है मध्य प्रदेश के सभी थानों में पीओएस डिवाइस प्रदान की जा रही है पीओएस डिवाइस की मदद से पुलिस ऑफिसर चालान करते समय डिवाइस के उपयोग से ऑन द स्पॉट ट्रैफिक नियमों का उलंघन करने वाले वाहन एवं चालाक का फोटो भी ले सकते है।
——–
कलेक्टर डाक्टर राहुल हरिदास फटिंग की अध्यक्षता में जघन्य एवं सनसनीखेज अपराधों की समीक्षा बैठक मंगलवार 19 अप्रैल को शाम 5 बजे कलेक्टर कक्ष में आयोजित की गई है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 13 अप्रैल 2022 का सिवनी जिला स्तरीय आपका अपना ‘मोगली आडियो बुलेटिन‘।
——–
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय सिवनी के प्राचार्य एस.के.आड़े ने बताया की संस्था की 5 छात्राओं क्रमशः अंकुशनी ठाकरे, रानी हरिनखेडे, प्रांजल बघेल, प्रियांशी यादव एवं प्रज्ञा चौधरी का अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित प्रगति स्कॉलरशिप में चयनित हुई हैं, इन छात्राओं को प्रतिवर्ष 50 हजार रुपये की छात्रवृति प्रदान की जाएगी।
——–
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय सिवनी के प्राचार्य ने बताया कि गत 12 अप्रैल 2022 को संस्था में मध्यप्रदेश शासन के प्लेसमेंट पार्टनर यशस्वी ग्रुप द्वारा संस्था के इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं का यजाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद एवं वोल्वो आयशर कंपनी पीथमपुर द्वारा कैंपस आयोजित किया गया। जिसमें उपस्थित 56 छात्र-छात्राओं में से 30 छात्रों का यजाकी इंडिया लिमिटेड में एवं 10 छात्र छात्राओं का वोल्वो आयशर कंपनी में डिप्लोमा अप्रेंटिस ट्रेनी पद पर चयन किया गया।
——–
कलेक्टर डाक्टर राहुल हरिदास फटिंग के निर्देशन में राष्ट्रीकय वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में प्रचार प्रसार की गतिविधियां संचालित की जा रही है। जिसके अंतर्गत आगामी 25 अप्रैल विश्वर मलेरिया दिवस के परिपेक्ष्य में जिले में मलेरिया उन्मूिलन हेतु विभिन्न5 प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित की जा रही है।
——–
अप्रैल की शरीर सुखा देने वाली गर्मी में भी सिवनी के ललमटिया शारदा नगर के निवासी पेयजल के लिए भटक रहे है, जिसके बाद आम आदमी पार्टी सिवनी ने आगे आकर इस संकट को जिला कलेक्टर के समक्ष रखा है, साथ ही वार्डवासियों की असुविधा की बात की जाए तो वहा ना तो पीने का पानी, विद्युत की पूर्ति हो पाती है ना ही ढंग की रोड व नाली है। उक्त समस्त प्रकार की समस्याओं को आम आदमी पार्टी सिवनी द्वारा ज्ञापन के माध्यम से जिला कलेक्टर को सौंपा है।
——–
भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर जैन श्वेताम्बर संघ सिवनी के तत्वावधान में निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संघ के आलोकचंद मालू ने बताया कि बारापत्थर स्थित वृद्धाश्रम परिसर में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित इस शिविर में डायबिटीज रोग विशेषज्ञ डाक्टर दिनेश ठाकुर एवं नेत्र जांच विशेषज्ञ डाक्टर द्रोण शुक्ला अपनी सेवाएं देंगे। श्री संघ द्वारा इस दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत सभी महिला एवं पुरूषों की निःशुल्क रक्त जांच भी की जाएगी।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 13 अप्रैल 2022 का सिवनी जिला स्तरीय मोगली आडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 14 अप्रैल 2022 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना दोपहर दो बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

——–