नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शनिवार 12 मार्च 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में करारी पराजय का सामना करने के बाद कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक रविवार को होगी जिसमें हार के कारणों की समीक्षा और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। एआईसीसी के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार शाम चार बजे सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई है। कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई सीडब्ल्यूसी की बैठक ऐसे समय होने जा रही है जब कांग्रेस ने पंजाब में सत्ता गंवा दी और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी उसे करारी हार का सामना करना पड़ा है। उधर, इन विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के जी 23 समूह के कई नेताओं ने भी शुक्रवार को बैठक की जिसमें आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गयी। राज्यसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के आवास पर हुई इस बैठक में कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी शामिल हुए।
सूत्रों ने बताया कि रविवार को ऑल इंडिया कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में गांधी परिवार के सभी सदस्य सीडब्लूसी से अपना इस्तीफा दे सकती है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तीनों कांग्रेस वर्किंग कमेटी को अपना इस्तीफा दे सकते हैं। माना जा रहा है कि पांचों राज्यों में विधानसभा चुनावों में शर्मनाक कदम के बाद सीडब्ल्यूसी की बैठक में बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
——–
जनगणना 2021 के लिए नागरिकों को ऑनलाइन स्वगणना अर्थातखुद का नाम दर्ज करने की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने जनगणना के नियमों में बदलाव किया है। हालांकि, ऑनलाइन जनगणना के साथ अब भी घर घर जाकर डेटा कलेक्ट किया जाएगा। केंद्र सरकार ने पिछले साल डिजिटल जनगणना कराने का फैसला किया था। शुक्रवार देर रात जारी हुए जनगणना संशोधन नियम 2022 के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म का वही मतलब होगा जो सूचना प्रौद्योगिकी कानून 2000 की धारा 2 की उप धारा (1) के खंड (आर) में दिया गया है। इसके तहत मीडिया, चुंबकीय, ऑप्टिकल, कंप्यूटर मेमोरी, माइक्रो फिल्म या इसी तरह के डिवाइस में भेजी, प्राप्त या संग्रहित कोई भी जानकारी को इलेक्ट्रॉनिक स्वरूप वाला ही माना जाएगा।
नए नियम के तहत आवेदक को जनगणना अनुसूची भरने और पूरा करने की इजाजत दी जाएगी। इसी तरह मीडिया शब्द को इलेक्ट्रॉनिक या किसी अन्य मीडिया से बदल दिया गया है। स्व गणना के जरिए जनगणना अनुसूची (फॉर्म) को भरने की मंजूरी देने के लिए नियम 6 में एक खंड जोड़ा गया है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शनिवार 12 मार्च 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन।
——–
भारत में पहली बार सिख सैनिकों के लिए कॉम्बेट हेलमेट बनाया गया है। इसे पटके या पगड़ी के ऊपर से पहना जा सकता है। यह हेलमेट न केवल हल्का है, बल्कि एंटी फंगल, और एंटी एलर्जिक भी है। कानपुर स्थित ग्लोबल डिफेंस एंड होमलैंड सिक्योरिटी कंपनी एमकेयू ने इसे डिजाइन किया है। कंपनी के मुताबिक, इस हेलमेट का मॉडल कावरो एससीएच 111 टी है। इसे वीर हेलमेट नाम दिया गया है। यह हेलमेट गोलियों और लेवल आईआईआईए तक के टुकड़ों से सिर को बचाने में सक्षम है। इसमें मॉड्यूलर एक्सेसरी कनेक्टर सिस्टम भी है। कपंनी ने बताया कि वीर हेलमेट का डिजाइन ऐसा बनाया गया है कि सिख सैनिक आराम से अपनी पगड़ी के नीचे के कपड़े (पटके) के ऊपर पहन सकते हैं। हेलमेट का डिजाइन बोल्ट मुक्त है, जो सेकेंडरी फ्रेग्मेंटेशन से बचाने के लिए है। यह बेहद आरामदायक है। यह हेलमेट शॉक प्रूफ और केमिकल सेफ है।
——–
गांधीनगर, गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गांधीनगर में एक रोड शो किया। यह राज्य में बीते दो दिनों में उनका दूसरा रोड शो था।
——–
आम आदमी पार्टी (आप) नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित भगवंत मान ने शनिवार को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने की दावेदारी पेश की।
——–
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शनिवार को राज्य में नयी सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने को कहा
——–
उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के दोबारा मुख्यमंत्री बनने को लेकर अनिश्चितता बरकरार है। उत्तरखंड विधानसभा चुनाव में धामी की हार के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर मीडिया में तरह तरह की अटकलों का दौर फिर शुरू हो गया।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शनिवार 12 मार्च 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन।
——–
मुंबई की साइबर पुलिस ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को एक नोटिस जारी कर कथित अवैध फोन टैपिंग मामले में रविवार को उसके सामने पेश होने का निर्देश दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह बात कही। श्रीनगर, जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ तीन अलग अलग मुठभेड़ में जैश ए मोहम्मद (जेईएम) के पाकिस्तानी कमांडर समेत चार आतंकवादी मारे गए और एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
——–
भारत में गत 24 घंटे के दौरान कोविड 19 के 3 हजार 614 नए मामले सामने आए जो 12 मई 2020 के बाद एक दिन में सामने आए सबसे कम मामले हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 लाख 29 लाख 87 हजार 875 हो गई है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 40 हजार 559 रह गई है।
——–
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने वित्त वर्ष 2021 22 के लिए भविष्य निधि (ईपीएफ) जमा पर ब्याज दर घटाकर 8.1 फीसदी करने शनिवार को फैसला किया। यह बीते चार दशक से भी अधिक समय में सबसे कम ब्याज दर है, 2020 2021 में यह दर 8.5 फीसदी दी।
——–
16 मार्च को भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बॉस अर्थात सीएम बनने से पहले भगवंत मान ने अपना पहला फरमान जारी कर दिया है। भगवंत मान ने वीवीआईपी की सुरक्षा पर कैंची चला दी है। इसके साथ ही उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी सरकार के मंत्रियों की सुरक्षा को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है।
शनिवार को भगवंत मान की तरफ से जो आदेश जारी किये गये हैं उसके मुताबिक कांग्रेस और अकाली दल के नेताओं की सुरक्षा वापस लेने का ऑर्डर दिया गया है। हालांकि, पहले से केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के आदेश पर बादल परिवार, कैप्टन अमरिंदर सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी को मिली सुरक्षा को वापस नहीं लिया जाएगा।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शनिवार 12 मार्च 2022 का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। रविवार 13 मार्च 2022 को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, साथ ही आपको बता दें कि समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की लाईव स्ट्रीमिंग आरंभ हो गई है। आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की वेब साईट अथवा चेनल पर जाकर इसे चौबीसों घंटे देख सकते हैं। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.