ब्रहस्पतिवार 16 जुलाई 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन पढिए

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में ब्रहस्पतिवार 16 जुलाई 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
देश में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद देश भर में अब तेजी से बढ़ती जा रही है। संक्रमित मरीजों का आंकड़ा साढ़े पौने दस लाख को पार कर गया है। वर्तमान में यह आंकड़ा नौ लाख 76 हजार 826 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग दो लाख 82 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 03 लाख 34 हजार 965 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 06 लाख 16 हजार 452 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 25 हजार 20 है। अब तक देश में कुल 01 करोड़ 27 लाख 39 हजार 490 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों के मिलने का आंकड़ा साढ़े उन्नीस हजार पार कर गया है। प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 08 हजार 855 ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 19 हजार 643 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 05 हजार 53, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 13 हजार 908 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 682 है।
प्रदेश में जिन जिलों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद दो सौ से ज्यादा है उनमें बड़वानी जिला भी शामिल हो गया है। प्रदेश में वर्तमान में इंदौर में 05 हजार 496 कुल मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 01 हजार 140 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 278 है, भोपाल में 03 हजार 782 कुल मरीज, एक्टिव मरीजों की तादाद 911, जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 125, उज्जैन में 921, एक्टिव मरीजों की तादाद 56 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 71, मुरैना में कुल मरीजों की संख्या 1 हजार 142 एवं सक्रिय मरीजों की तादाद 429 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 5, नीमच में 509 कुल एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 48 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 08, ग्वालियर में कुल 01 हजार 244 संक्रमित मरीजों में से 581 एक्टिव एवं 06 लोग कालकलवित हुए हैं, जबलपुर में कुल मरीजों की संख्या 643, एक्टिव मरीजों की तादाद 203 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 16, बुरहानपुर में कुल 432 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 15 एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 23, सागर में कुल मरीजों की संख्या 471 एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 64 व जिनका निधन हुआ उनकी तादाद 22, खण्डवा में 454 कुल एवं एक्टिव 104 व जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 17, खरगौन में कुल 432 मरीजों में एक्टिव मरीजों की तादाद 98 व जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 15, भिण्ड में 385 कुल संक्रमित मरीजों में से एक्टिव मरीज 87 है एवं एक मरीज का निधन हुआ है। देवास में कुल मरीज 283 एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 52 एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 10, रतलाम में कुल तादाद 240 एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 47 व जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 06, धार में कुल संक्रमित मरीज 219 एवं सक्रिय मरीजों की तादाद 39 तथा जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 08, मंदसौर में कुल 233 संक्रमित मरीजों में से एक्टिव मरीज 89 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 9, एवं बड़वानी में कुल 209 संक्रमित मरीजों में से 66 एक्टिव एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 04 है। प्रदेश में सिर्फ पन्ना में एक्टिव मरीजों की तादाद शून्य है, यहां 54 संक्रमित मरीज मिले थे जो अब पूरी तरह स्वस्थ्य हो चुके हैं।
—–
गृह, जेल, विधि-विधायी और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने केंद्रीय जेल भोपाल का औचक निरीक्षण कर बंदियों के लिए किए गए प्रबंधो का अवलोकन किया। उन्होंने जेल की भोजन शाला और अति संवेदनशील अंडा सेल का भी निरीक्षण किया। मंत्री डा. मिश्रा ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल को दृष्टिगत रखते पैरोल अवधि को 60 दिन और बढ़ाये जाने का निर्णय लिया गया हैं। इसके लिए विभाग उच्च प्राधिकार समिति को प्रस्ताव भेजेगा। समिति की अनुशंसा प्राप्त होते ही पैरोल अवधि में वृद्धि सम्बंधित आदेश जारी किए जाएंगे। पैरोल पर रिहा किये गए बंदियों की पैरोल अवधि 31 जुलाई को खत्म हो रही हैं।
मंत्री डॉ. मिश्रा ने बताया कि कोरोना के इस संक्रमण काल में जेलों में बंद कैदियों को अपने परिजनों से बात करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे कैदी और उनके परिजन एक दूसरे को देख कर संवाद कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि अभी भी जेलों में कैदियों को अपने परिजनों से टेलिफोनिक बात करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मंत्री डॉ. मिश्रा ने केंद्रीय जेल की भोजनशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों के लिए बनाए जा रहे खाने को चख कर भी देखा। डॉ. मिश्रा ने खाने की गुणवत्ता पर संतोष जताया साथ ही निर्णय लिया कि वर्तमान कोरोना संक्रमण काल में कैदियों के इम्यूनिटी सिस्टम को सशक्त बनाने के लिए खाने के साथ सलाद अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जेल महानिदेशक संजय चौधरी को निर्देशित किया कि प्रदेश की सभी जेलों में कैदियों को खाने के साथ में सलाद अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री डॉ. मिश्रा ने जेल निरीक्षण के बाद कहा कि कोरोना संक्रमण काल के मद्देनजर प्रदेश की भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और सागर केंद्रीय जेलों में कोरोना वार्ड बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कैदियों के उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सकों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी
मंत्री डॉ. मिश्रा ने केंद्रीय जेल में अति संवेदनशील सेल अंडा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वर्तमान में मौजूद व्यवस्थाओं पर संतोष जताया साथ ही कहा कि व्यवस्थाओं को और अधिक पुख्ता करने के लिए आवश्यक विचार-विमर्श कर निर्णय लिए जाएंगे। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि कैदियों को जेलों में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध भी किये जाएंगे।
मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि जेलों में महिला बंदियों के लिए चूड़ी और बिंदी की व्यवस्था कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान जेल महानिदेशक श्री संजय चौधरी और केंद्रीय जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे भी मौजूद थे।
—–
नरसिंहपुर जिले के आमगांव में एक तालाब में अचानक पीले नीबू रंग के मेंढकों की उपस्थिति स्थानीय लोगों के कौतूहल और आकर्षण का केन्द्र बन गया। यहां बड़ी संख्या में अचानक बहुत से पीले मेंढक दिखे जिनके गले में गहरे नीले रंग की गुब्बारे की आकृति (वोकल सेक) उनकी सुंदरता में चार चांद लगा रही थी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह भारतीय नर बुलफ्रॉग है, जो अक्सर प्रजनन काल में अपना रंग बदलकर चमकीले पीले रंग के हो जाते है।
सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक जीतेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि मध्यप्रदेश में यह मेंढक मानसून के दौरान कभी-कभी देखे जाते हैं। उन्होंने तकरीबन 6-7 साल पहले सतपुड़ा टाईगर रिजर्व में इन्हें देखा था। पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री रवीन्द्र सक्सेना ने बताया कि यह मेंढक सामान्य रूप रंग के ही होते है परंतु मानसून में प्रजनन काल के दौरान मादा मेंढक को रिझाने इनके पिगमेंट का रंग हल्दी जैसा पीला हो जाता है। वहीं इनके गले की वोकल सेक भी गहरे नीले रंग की हो जाती है। यह नजारा भारत के अलावा बॉग्लादेश, म्यामार पाकिस्तान में भी कहीं-कहीं दिखता है। भारत में जहां कम वर्षा होती है, वहां कभी-कभी यह नजारा देखने को मिल जाता है। इस साल नरसिंहपुर में काफी कम वर्षा हुई है।
जैव विविधता बोर्ड के सदस्य श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि कुछ दिनों बाद यह वापस पीले रंग से सामान्य रंग में आ जाते है। इंडियन बुल फ्रॉग भारत के तालाब, पोखर, नाले आदि में पायी जाने वाली आम प्रजाति है। कई बार कम वर्षा और तापमान बढ़ने वाले इलाकों में यह आम तौर पर गहरे हरे रंग के मेंढक प्रजनन काल में गहरे पीले रंग का रूप धारण कर लेते हैं। भारतीय बुलफ्रॉग अपना ज्यादातर समय जमीन पर भोजन की तलाश बिताते हैं। जो उनके मुँह में समा सके ऐसी किसी भी चीज जैसे अन्य मेंढक, चूहे, छोटे पक्षी, साँप आदि को खाते हैं।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार के हुई बारिश के बाद से लोगों के फिर से उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि पूरे मध्य प्रदेश जुलाई का दूसरा पखवाड़ा शुरू होते ही एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मध्य प्रदेश में एक साथ चार मानसूनी सिस्टम एक्टिव हो गए हैं। मौसम विभाग की मानें तो सावन के महीने में मध्य प्रदेश अच्छी बारिश होने की पूरी उम्मीद है। राज्य के उज्जैन, इंदौर और शहडोल संभागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और इसके आसपास ऊपरी हवा में चक्रवात के साथ-साथ मानसून द्रोणिका अमृतसर से पूर्वी उत्तर प्रदेश होकर बंगाल की खाड़ी ओर जा रही। इन दोनों सिस्टम की वजह से पूर्वी मध्यप्रदेश में अधिकांश स्थानों पर अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इंदौर, उज्जैन, शहडोल संभागों के जिलों तथा हरदा, छिंदवाड़ा सिवनी एवं नरसिंहपुर जिलों में कहीं कहीं अति भारी वर्षा हो सकती है. इसके साथ ही भोपाल, रीवा संभागों के जिलों में तथा अनूपपुर, शहडोल, नरसिंहपुर, बुरहानपुर, खण्डवा, धार, इंदौर, नीमच, मंदसौर जिलों में कहीं कहीं गरज चमक के साथ बिजली चमकने गिरने की संभावना जताई है.
—–
कई नाबालिगों के यौन शोषण के आरोपी प्यारे मियां को लेकर पुलिस भोपाल पहुंच चुकी है। आरोपी को पुलिस इंडिगो एयरलाइन्स की फ्लाइट से राजाभोज एयरपोर्ट लेकर पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्यारे मियां को पहले श्रीनगर से दिल्ली लाया गया था। यहां से फ्लाइट के जरिये भोपाल लाया गया है। बता दें कि, यहां आरोपी प्यारे मियां से नाबालिगों से योन शोषण और कई अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर पूछताछ होगी। पुलिस को संदेह है कि, आरोपी से पूछताछ में कई और बड़े खुलासे होंगे।
—–
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 20 हजार के करीब पहुंच गया है। प्रदेशभर के कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से लगभग आधे इंदौर और भोपाल के हैं। प्रदेश का हर चौथा संक्रमित इंदौर का और हर पांचवां मरीज भोपाल का है। बुधवार देर शाम भोपाल से जारी राज्य मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक मध्य प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 19643 पर पहुंच गई है। इन सबके कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अविनाश लवानिया ने शासन से प्राप्त गाइडलाइन अनुसार कोरोना वायरस संक्रमण के रोकथाम एवं बचाव हेतु धारा 144 के तहत आदेश जारी किए हैं।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के भोपाल ब्यूरो से सोनल सूर्यवंशी ने प्रशासनिक सूत्रों के हवाले से बताया कि जारी आदेश में जानिए क्या कहा गया है कि गणेश और दुर्गा उत्सव में पंडाल नहीं लगेंगे। प्रशासन पंडालों को अनुमति जारी नहीं करेगा। घर में ही गणेश स्थापना कर आराधना की सलाह जारी की जाएंगी। मूर्तिकारों से छोटी मूर्ति बनाने की अपील की जाएगी। ईद पर सामूहिक कार्यक्रम नहीं होंगे, घर में मनाई जाएगी बकरीद। धार्मिक स्थलों में एक बार मे पांच से ज्यादा लोगों को नहीं होगी अनुमति। वैवाहिक कार्यक्रमों में भी ज्यादा मेहमानों पर लगाई गई पाबंदी। अब वर पक्ष से 10 और वधू पक्ष से 10 लोग हो सकेंगे शामिल। अंतिम संस्कार मे 20 से ज्यादा लोगों को नहीं होगी अनुमति। इस आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दंड के भागी होंगे।
भोपाल में एक दिन का टोटल लॉकडाउन पहले की तरह ही जारी रहेगा। रविवार के दिन आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शहर में टोटल लॉकडाउन रहेगा। बाजार बंद रहेंगे। लोगों के घरों से बाहर निकलने पर पाबंदी रहेगी। एक दिन के लॉकडाउन के बाद सिर्फ उसी क्षेत्र में हफ्ते या 10 दिन की सख्ती की जाएगी जहां पर कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। भोपाल में टोटल लॉकडाउन की खबरें पूरी तरह से निराधार हैं।
—–
जबलपुर में एक महिला सूदखोर छोटे कारोबारियों को अपने जाल में फंसा कर उनको हजारों में दिया कर्जा लाखों पर कर देती थी। यह महिला सूदखोर एक मुश्त रकम देकर ब्याज सहित प्रतिदिन वसूलती थी। यदि देनदार ने रात्रि 8.30 बजे तक राशि नहीं दी तो उस दिन की किश्तं की राशि व ब्याजा दो गुना हो जाता है। इस तरह इस महिला सूदखोर ने कई लोगों को अपने जाल में फंसा कर रुपए ऐंठे। गोहलपुर पुलिस ने महिला सूदखोर के खिलाफ कर्जा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के महाकौशल ब्यू्रो से सुमित खरे ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि गोहलपुर थाना क्षेत्र निवासी एक युवती को महिला सूदखोर से ब्याज पर छह हजार रुपए लेना भारी पड़ रहा है। वह दो साल से प्रतिदिन किश्त और ब्याज सहित १४० रुपए चुका रही है। युवती अब तक एक लाख रुपए दे चुकी है, इसके बाद भी उधारी समाप्त नहीं हुई है। महिला सूदखोर के चंगुल में कई अन्य महिलाएं भी फंसी हैं।
त्रिमूर्ति नगर निवासी तान्या सिंह ने शिकायत में बताया कि उसकी मां पूनम सिंह ने दो साल पहले हर्षा टेकवानी से ब्याज पर छह हजार रुपए लिए थे। हर्षा को १०० दिन तक किश्त और ब्याज सहित प्रतिदिन १४० रुपए देने थे। रकम रात आठ बजे देना होता था। इसके बाद वह दोगुना रकम लेती थी। हर्षा ने अर्चना सिंह, रेखा ठाकुर, अंजना कोष्टा को भी ब्याज पर पैसे दिए हैं। ब्याज और रकम की वसूली भी हर्षा खुद ही करती है। पैसे व ब्याज की रकम नहीं देने पर मोहल्ले वालों के सामने जान से मारने की धमकी भी देती है। शिकायत में कहा कि रकम के बदले ब्लैंक चेक लेती है। पैसे नहीं चुका पाने पर बैंक में चेक लगाकर बाउंस कराने की धमकी देती है। गोहलपुर पुलिस के अनुसार महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

मध्य प्रदेश पुलिस का बर्बर चेहरा देख आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। गुना में जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस ने दलित किसान की बेरहमी से पिटाई की है। किसान पुलिस और अफसरों के सामने मिन्नतें करता रहा लेकिन पत्थर दिल अफसरों का दिल नहीं पसीजा और ताबड़तोड़ लाठियां बरसाते रहें। वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश में हंगामा मचा हुआ है, लेकिन शिवराज सरकार इस पूरे प्रकरण पर चुप है।
पुलिस पिटाई के बाद किसान ने कीटनाशक पी लिया था। उसके बाद वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया था। पिता को बेसुध पड़े देख, 7 मासूम बच्चे पास में खड़े होकर रो रहे थे। एक बेटी पिता को झकझोर रही थी। पापा उठो ना…बड़ी बहन की चीत्कार सुन पास में खड़े सभी भाई-बहन रो रहे थे। बच्चों की चीत्कार से आसमान गुंजायमान था।
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चों की चीत्कार सुन लोग भावुक हैं। लेकिन बेरहम पुलिस वाले चुपचाप खड़े होकर तमाशे देख रहे हैं। पास खड़े पुलिस वाले किसान को तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश भी नहीं कर रहे हैं।
—–
इंदौर पुलिस ने खुद को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का निजी सचिव बताने वाले अभिषेक द्विवेदी नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। उसने मध्य प्रदेश के दो आरटीओ के तबादले के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को फोन लगाया था। इस मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज जांच शुरू की थी, जिसके बाद फोन लगाने वाली की लोकेशन इंदौर में मिली और उसे पुलिस ने ग्वालटोली इलाके से गिरफ्तार कर लिया। अब इंदौर पुलिस इसे दिल्ली क्राइम ब्रांच को सौंपेगी। आईएसएस कैडर के निजी सचिव के नाम का उपयोग करते हुए आरोपित ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को फोन लगाया था। अब दिल्ली पुलिस इससे पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश करेगी कि उनसे और भी लोगों को अधिकारी के नाम पर फोन तो नहीं लगाया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम पहुंच गई है। इंदौर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर दिया है।
—–
प्रदेश के छिंदवाड़ा में जिला बीजेपी कार्यालय में बुधवार को एक कार्यक्रम में पूर्व विधायक रमेश दुबे के बोल बिगड़ गए और उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को नक्सली कह दिया। बीजेपी कार्यालय में समारोह राज्यमंत्री रामकिशोर कावरे के लिए आयोजित किया गया था जो शिवराज कैबिनेट में मंत्री बनने के बाद छिंदवाड़ा पहुंचे थे। इसी सभा में बोलते हुए रमेश दुबे ने कह दिया कि छिंदवाड़ा पिछले 40 वर्षों से एक महामारी से जूझ रहा है। एक नक्सली छिंदवाड़ा के ऊपर कुंडली मार कर बैठा हुआ है। दुबे ने मंत्री कावड़े से कहा कि जिस तरह उन्होंने बालागाट को नक्सलियों से मुक्ति दिलाई है, उसी तरह छिंदवाड़ा को भी कमलनाथ रूपी नक्सली से आजाद कराएं।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में ब्रहस्पतिवार 16 जुलाई का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 17 जुलाई को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.