सिंधिया समर्थक छह मंत्री बर्खास्त, दूसरे मंत्रियों को दिए विभाग

 

(ब्‍यूरो कार्यालय)
भोपाल (साई)। प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने मुख्यमंत्री कमलनाथ की सलाह पर मंत्रिमंडल के छह सदस्यों को बर्खास्त कर दिया है। सिंधिया समर्थक इन सभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा दूसरे मंत्रियों के बीच कर दिया गया है।

राज्यपाल टंडन से इस संबंध में मुख्यमंत्री ने आग्रह किया था। राज्यपाल ने सभी छह मंत्रियों को तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से पृथक कर दिया है। इन मंत्रियों में इमरती देवी, तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युम्न सिंह तोमर और डॉ. प्रभुराम चौधरी हैं।

विभागों का बंटवारा

बर्खास्त किए गए मंत्रियों के विभागों का अतिरिक्त प्रभार अन्य मंत्रियों के बीच किया गया है। इनमें डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ को महिला बाल विकास, गोविंद सिंह को खाद्य नागरिक आपूर्ति, बृजेंद्र सिंह राठौर को परिवहन, सुखदेव पांसे को श्रम, जीतू पटवारी को राजस्व, कमलेश्वर पटेल को स्कूल शिक्षा और तरुण भनोत को स्वास्थ्य विभाग का प्रभार सौंपा गया है।