नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शुक्रवार 04 दिसंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
——
राज्य शासन ने धान और बाजरा उत्पादक किसानों से समर्थन मूल्य पर उपज खरीदने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इसके लिये राज्य शासन द्वारा किसानों का पंजीयन कराया गया है। तुलाई का कार्य जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- जिन किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी उपज धान और बाजरा बेचने के लिये रजिस्ट्रेशन कराया है, उनका शत-प्रतिशत अनाज खरीदा जायेगा। किन्तु गलत तरीके से एमएसपी के जरिये धान, बाजरा बेचने में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों पर की जायेगी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश के किसानों का धान का एक-एक दाना सरकार खरीदेगी, लेकिन बाहर वाला फसल लाकर मध्य प्रदेश में बेचने का प्रयास करेगा तो उसे जेल भिजवाया जाएगा। ट्रक भी जब्त करूंगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि आसपास के राज्यों से फसल लाकर बेचने का कोई प्रयास न करें।
——
राजधानी भोपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक शख्स ने गाड़ी रोकने पर सड़क पर खूब ड्रामा किया है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति बिना सीट बेलट लगाए गाड़ी ड्राइव कर रहा है। पुलिस जवान ने जब गाड़ी रोकी तो वह भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। साथ ही अपनी पहुंच का धौंस जमाने लगा। वहां मौजूद किसी शख्स ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया है।
दरअसल, यह वीडियो पुराने पुलिस कंट्रोल रूम के सामने का है। गुरुवार की रात भोपाल पुलिस और एक व्यवसायी के बीच तीखी बहस देखने को मिली है। सबसे खास बात ये रही है कि बहस कर रहा व्यवसायी न केवल रसूखदारों का नाम लेकर पुलिसकर्मियों को धमका रहा था, बल्कि पुलिसकर्मियों को गंदी-गंदी गालियां भी दे रहा था और पुलिस बस व्यवसायी को शांत कराने में लगी थी।
व्यवसायी का कहना है कि चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मी ने पहले अभद्रता की और उसकी कॉलर पकड़ी है। लेकिन पुलिसकर्मी कह रहे थे कि आप सीट बेल्ट नहीं पहने थे। मगर व्यापारी लगातार अपनी रसूख का धौंस जमा रहा था। साथ ही पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर रहा था। अपने रसूख का हवाला देकर वह कथित बिजनेसमैन उसकी नौकरी खाने की धमकी दे रहा था।
सुमित अग्रवाल नाम का यह शख्स लगातार पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ दिया है। वह कहता है कि मान्यवार का मालिक हूं। भोपाल में मेरे चार शोरूम हैं। मेरे दुकान पर मंत्री, आईजी समेत कई रोज आकर बैठते हैं। पीएचक्यू (पुलिस हेडक्वार्टर) में तैनात आईजी मेरे फूफा हैं। तुम लोगों ने हिम्मत कैसे की कॉलर पकड़ करने की। अभी नाम बताओ सबकी परेड करवा दूंगा। मंत्री विश्वास सारंग और नरेंद्र सिंह तोमर मेरे यहां बैठने आते हैं। सीएम की पत्नी साधाना सिंह हमारे शोरूम की कस्टमर हैं। तुमको पता नहीं है, वर्दी उतरवा दूंगा।
——
देश में शहरों के नाम परिवर्तन के बाद अब देश के हृदय प्रदेश में भी अब कई शहरों के नाम बदलने की मांग उठ रही है। भोपाल में ईदगाह हिल्स का नाम बदल कर गुरु नानक टेकरी करने की मांग हो रही है। प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा लगातार कह रहे हैं कि ईदगाह हिल्स को अब गुरु नानक टेकरी के नाम से पहचानें। उन्होंने ने भी होशंगाबाद जिले का नाम बदलने की मांग की है। रामेश्वर शर्मा के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी यहीं मांग उठाई है। वीडी शर्मा ने कहा कि लोगों की लोकप्रिय मांग पर होशंगाबाद का नाम बदल कर
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि पूरी दुनिया नर्मदा के बारे में जानती है। जिले के निवासी होशंगाबाद का नाम बदल कर नर्मदापुरम करने के लिए लंबे समय से मांग कर रहे हैं, जो आमतौर पर स्थानीय निवासियों की तरफ से उपयोग किया जाता है। हम लोगों की आवाज के लिए काम करना चाहिए। दरअसल, एमपी में 29 नवंबर से बीजेपी का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। बीजेपी 1059 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है। भोपाल में पंचशील नगर में यह प्रशिक्षण चल रहा है। जहां बूथ स्तर से जिला स्तर के तक के कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। इस दौरान उन्हें पार्टी की नीतियों, विचारधारा, चुनाव प्रबंधन, मीडिया और सोशल मीडिया के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
——
कोरोना वायरस के चलते बंद पड़ी ट्रेनों की रफ्तार फिर से शुरु हो चुकी है। अब धीरे-धीर सभी ट्रेनें शुरु हो रही हैं। बीते 1 दिसंबर से रेलवे ने कई अन्य ट्रेनों को शुरु किया है। साथ ही रेलवे ने अब 108 साल पुरानी ट्रेन पंजाब मेल को भी शुरू कर दिया है। पूरे 255 दिनों के बाद ये ट्रेन शुरु हुई है, जो कि 22 मार्च से बंद पड़ी थी। ये ट्रेम एमपी के कई स्टेशनों से होकर गुजरती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब मेल ट्रेन देश के 7 राज्यों को आपस में जोड़ती है। यह ट्रेन पंजाब में फिरोजपुर कैंट जंक्शन से भटिंडा जंक्शन, हरियाणा के जींद जंक्शन, रोहतक, फरीदाबाद, दिल्ली के शकूरबस्ती, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश के मथुरा जंक्शन, आगरा, राजस्थान के धौलपुर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, यूपी के झांसी जंक्शन, ललितपुर, एमपी के भोपाल जंक्शन, खंडवा जंक्शन और महाराष्ट्र भुसावल जंक्शन, नासिक, दादर सेंट्रल होती हुई मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल पहुंचती है।
——
इंदौर नगर निगम ने गुरूवार को लेडी डॉन अलका पति अशोक दीक्षित के द्वारकापुरी क्षेत्र स्थित श्रीरामनगर में अवैध तीन मंजिला मकान को तोड़ा। यहां पर 750 वर्ग फीट जमीन पर करीब 2250 वर्गफीट का अवैध निर्माण किया गया था।
गुरूवार सुबह नौ बजे निगम की रिमूवल की 100 लोगों की टीम दो पोकलेन व एक जेसीबी के साथ अवैध निर्माण तोड़ने पहुंची। सुबह जब निगम की टीम पहुंची तो वहां रहने वाले परिवार ने मकान पर अपना दावा किया और यह मकान अलका से खरीदने की बात कही। इसका उन्होंने अनुबंध भी दिखाया। मौके पर मौजूद निगम के अफसरों ने परिवार से मकान की रजिस्ट्री दिखाने को कहा लेकिन वह नहीं दिखा सके। ऐसे में निगम की टीम ने परिवार का सामान घर से बाहर निकालना शुरू किया। बच्चे, बुजुर्ग और एक पालतू कुत्ते को भी घर से बाहर किया। इस बीच मकान में रहने वाले परिवार की एक महिला ने कमरे में घुसकर घर से बाहर आने से मना कर दिया था। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने दरवाजा खोलकर महिला को जबरन कमरे से बाहर निकाल और नीचे लेकर आए इसके बाद भी महिला विरोध करती रही।
——
उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर परिसर से 9 जुलाई-2020 को पकड़े गए उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे पर घोषित पांच लाख रुपये का इनाम छह लोगों को मिलेगा। गैंगस्टर की धरपकड़ के बाद उज्जैन एसपी ने एक कमेटी गठित की थी। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। इसमें छह लोगों के नाम हैं। गैंगस्टर को पकड़वाने में इन सभी की भूमिका थी।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गैंगस्टर विकास दुबे राजस्थान के झालावाड़ शहर से बस में बैठकर 9 जुलाई की सुबह उज्जैन के देवासगेट बस स्टैंड पर उतरा था। यहां से वह ऑटो में बैठकर शिप्रा नदी में स्नान करने गया था। इसके बाद 7.45 पर महाकाल मंदिर आया था। यहां हार फूल की दुकान चलाने वाले सुरेश कहार ने सबसे पहले उसे पहचाना था। इसके बाद कहार ने मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी सूचना दी थी। बाद में सुरक्षाकर्मी और कुछ पुलिस जवान उसे महाकाल चौकी ले गए थे। यहां विकास दुबे से पूछताछ की गई थी। तस्दीक के बाद विकास को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में विकास को उत्तर प्रदेश एसटीएफ को सौंप दिया गया था और फिर मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी।
——
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
——-
वैक्सीन के ट्रायल को लेकर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा खुद वॉलंटियर बन गए हैं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें टीका लगाने से इनकार कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि उनके घर में कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। ऐसे में गाइड लाइन के अनुसार उन्हें टीका नहीं लगाया जा सकता है। काउंसलिंग के बाद उन्हें इसकी जानकारी दे दी है। मेडिकल कॉलेज में चल रहे ट्रायल के प्रिंसिपल इन्वेस्टीगेटर डॉ. राघवेंद्र गुमास्ता ने बताया कि गृहमंत्री पीपुल्स में वैक्सीन का ट्रायल कराने पहुंचे थे, हमने उनकी काउंसलिंग भी की थी।
इससे पहले नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि मैं लोगों की भलाई के लिए खुद टीका लगवाने जा रहा हूं। उन्होंने अस्पताल में जाकर फॉर्म भी भरा था। इससे एक दिन पहले ही उन्होंने लोगों को इसके लिए आगे आने को कहा था। अब तक एक सप्ताह में सिर्फ 45 लोगों ने ही टीका लगवाया है। अस्पताल प्रबंधन को पहले दिन उम्मीद थी कि एक दिन में कम से कम 50 लोग सामने आ जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कुल दो हजार लोगों पर ट्रायल के लिए टीका लगाया जाना है।
——-
देश में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा 95 लाख को पार कर गया है। वर्तमान में यह आंकड़ा 95 लाख 72 हजार 856 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 56 लाख 02 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब सक्रिय मरीजों की तादाद 04 लाख 14 हजार 763 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 90 लाख 16 हजार 564 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 01 लाख 39 हजार 234 है। अब तक देश में कुल 14 करोड़ 47 लाख 27 हजार 749 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं, मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा 02 लाख 10 हजार को पार कर गया है। यहां कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 01 लाख 79 हजार 300 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 02 लाख 10 हजार 379 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 13 हजार 887, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 01 लाख 93 हजार 187 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 03 हजार 300 है। प्रदेश में अब तक 38 लाख 40 हजार से ज्यादा लोगों का कोविड टेस्ट कराया जा चुका है।
——-
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शुक्रवार 04 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। रविवार 06 दिसंबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह हर वीडियो के आखिरी में हम आपको बताते हैं। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.