बृहस्पतिवार को पारा पहुँच सकता है 34 पर

 

अब मौसम रहेगा शुष्क, बढ़ता जायेगा तापमान

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। सर्दी की बिदाई होती दिख रही है। इस साल फरवरी के मध्य तक कड़ाके की सर्दी ने अपना असर दिखाया। दो दिनों से रात और दिन के तापमान में बढ़ौत्तरी दर्ज की जा रही है। आने वाले बृहस्पतिवार को पारा उछलकर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।

शुक्रवार को सुबह सर्द नहीं थी। मौसम में गुलाबी ठण्डक महसूस हुई। दस बजे के बाद चुभने वाली धूप से लोग दो चार हुए। इसके बाद धूप की तपन बढ़ती ही गयी। दिन में हवाएं तेज चलीं, पर इसमें सर्दी का अहसास बिल्कुल भी नहीं था। शाम ढलते ही लोगों को एक बार फिर गुलाबी ठण्ड का अहसास होने लगा।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अब मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही हवाओं की दिशा पश्चिमी होने के कारण गर्म हवाओं का आगमन होता दिख रहा है। गर्मी के मौसम की पदचाप की आहट के साथ ही गन्ने के रस की दुकानें सजती दिखने लगी हैं।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रोें ने बताया कि आने वाले दिनों में रात और दिन दोनों ही समय पारे में उछाल दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही आने वाले बृहस्पतिवार को दिन में पारा 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।