बंट रहीं शिवराज सिंह के संदेश की पुस्तकें!

 

 

काँग्रेस के नईम खान ने की इस पर रोक लगाने की माँग

(ब्यूरो कार्यालय)

कान्हीवाड़ा (साई)। प्रदेश में काँग्रेस की सरकार भले ही अस्तित्व में आ चुकी हो पर डेढ़ दशक से भाजपा की सरकार के साथ काम कर रहे अफसरान का भाजपा मोह अभी भी छूट नहीं पाया है। इसकी एक बानगी इस साल सरकारी स्तर पर बंट रही पाठ्य पुस्तकों को देखकर मिल रही है, जिसमें भाजपा के शासन काल में मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान का संदेश छपा है।

प्रदेश काँग्रेस के अल्प संख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री एम.नईम खान द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नवीन शैक्षणिक सत्र आरंभ हो चुका है। शालाओं में निःशुल्क रूप से पाठ्य पुस्तकों का विक्रय किया जा रहा है। इन पाठ्य पुस्तकों में अभी भी शिवराज सिंह चौहान को ही प्रदेश का मुख्यमंत्री बताया जा रहा है।

उन्होंने कहा है कि उनकी जानकारी में यह बात आयी है कि इस साल विद्यार्थियों को शालाओं में शासन स्तर पर जो निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की जा रही हैं उनमें प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान का संदेश छपा है। उन्होंने कहा है कि इस पर काँग्रेस के सदस्यों ने आपत्ति जतायी है।

विज्ञप्ति में उन्होंने कहा है कि इस मामले में सभी चुने हुए प्रतिनिधियों और अधिकारियों को ध्यान देना चाहिये एवं शिवराज सिंह चौहान के संदेश वाली पाठ्य पुस्तकों के वितरण पर तत्काल रोक लगायी जानी चाहिये। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री कमल नाथ एवं शिक्षा मंत्री को भी पत्र लिखा है।