परीक्षा पर तो चर्चा हो गई, अब मंहगाई पर कब करेंगे पीएम चर्चा : कांग्रेस

नमस्‍कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 1 अप्रैल 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
कांग्रेस अब केंद्र के साथ ही अनेक राज्यों में भी सरकार से बाहर है। अब कांग्रेस की दुश्वारियां बढ़ती प्रतीत हो रही हैं। कांग्रेस पार्टी को सरकारी बंगले के अवैध कब्जे के आरोप में बेदखली का नोटिस जारी हुआ है। शहरी विकास मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि चाणक्यपुरी में एक बंगला कांग्रेस पार्टी को आवंटित हुआ था लेकिन इस बंगले पर कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के सचिव रह रहे हैं। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत संपदा निदेशालय (डीओई) ने अब कांग्रेस पार्टी के खिलाफ कार्रवाई का मन बना लिया है। ये भी बताया गया है कि इस संपत्ति का बकाया 3.08 करोड़ रूपए हो गया है जो अभी तक नहीं दिया गया है। इस बंगले के किराए के रूप में पिछला भुगतान अगस्त 2013 में किया गया था। कांग्रेस पार्टी को दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित बंगला (नंबर सी टू बटा 109) को खाली करने के लिए बेदखली नोटिस मिला है। मंत्रालय के दस्तावेज के अनुसार, दिल्ली में यह संपत्ति कांग्रेस पार्टी को दी गई थी, लेकिन इसमें कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के सचिव विन्सेंट जॉर्ज अवैध रूप से रह रहे हैं। सूत्रों ने यह भी बताया कि डीओई द्वारा कांग्रेस पार्टी को यह नोटिस 25 मार्च को भेजा गया है। इस पत्र में लिखा गया है, आपने सार्वजनिक परिसर पर अनधिकृत कब्जा लिया है। आपको उक्त परिसर से बेदखल कर दिया जाना चाहिए। पत्र संख्या 7/259/94 द्वारा 26 जून 2013 से आवंटन रद्द होने के बाद भी आप सार्वजनिक परिसरों पर कब्जा करना जारी रखे हुए हैं।
——–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को परीक्षा पे चर्चा के तहत देशभर के छात्रों और उनके अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बात की। इस दौरान पीएम ने पढ़ाई से लेकर कोरोना वैक्सीनेशन पर छात्रों के तमाम सवालों के जवाब दिए। इस बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। कांग्रेस ने पीएम से सवाल किया है कि चाय पे चर्चा और परीक्षा पे चर्चा तो हो रही है लेकिन महंगाई पर चर्चा कब करेंगे। कांग्रेस पिछले कुछ दिनों से देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है।
——–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। ये ईमेल नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की मुंबई यूनिट को भेजा गया है। मेल भेजने वाले ने लिखा है कि साजिश का पर्दाफाश ना हो इसलिए वो सुसाइड कर रहा है। सुरक्षाबलों को अलर्ट कर दिया गया है और एनआईए की टीम आईपी एड्रेस ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 1 अप्रैल 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन।
——–
स्किन कैंसर को लेकर एक नई रिसर्च सामने आई है। रिसर्च की मानें तो 2040 तक दुनिया भर में स्किन कैंसर के मरीज दोगुने हो जाएंगे। इनमें से 68 फीसदी ज्यादा लोग अपनी जान नहीं बचा पाएंगे। दुनिया के ज्यादातर देशों में 50 साल से पहले महिलाओं और उसके बाद पुरुषों में मेलेनोमा कैंसर के होने का खतरा ज्यादा है।
——–
भारतीय जनता पार्टी अब देश में नित नए रिकॉर्ड बनाती रही है। पार्टी के इतिहास में पहली बार राज्यसभा में उसके सदस्यों का आंकड़ा 100 के पार गया है। वहीं, 1990 के बाद वह पहली पार्टी बन गई है जिसने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। ब्रहस्पतिवार को राज्यसभा के चुनावों के हालिया दौर के बाद भाजपा जिसे लोग भगवा पार्टी भी कहते हैं के सदस्यों की संख्या अब 101 हो गई है। चुनाव में उसने असम, त्रिपुरा और नागालैंड की सीटों पर जीत दर्ज कर अपने सदस्यों। का आंकड़ा 100 के पार पहुंचाया है। बीजेपी ने यह उपलब्धि 13 में से चार सीटें जीतकर हासिल की। इसके लिए गुरुवार को मतदान हुआ था। बीजेपी की गठबंधन सहयोगी यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) ने असम से एक राज्यसभा सीट जीती। बीजेपी ने तीन पूर्वाेत्तर राज्यों असम, त्रिपुरा और नागालैंड से राज्यसभा की चार सीटें जीतीं। बीजेपी ने इस क्षेत्र से उच्च सदन में अपने सदस्यों की संख्या भी बढ़ा दी है।
——–
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई तोड़फोड़ अराजक तत्वों को प्रोत्साहित और देश के युवाओं को गुमराह करेगी। विधानसभा परिसर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कड़े शब्दों में इसकी निंदा करने की अपील की।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 1 अप्रैल 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन।
——–
कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने शुक्रवार को लोकसभा में केंद्र सरकार पर कोरोना की दूसरी लहर को निशाना साधा। पिछले साल अप्रैल मई में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान देश में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई थी। लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर, अस्पताल में बेड की किल्लत समेत अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इसे लेकर कांग्रेस सांसद ने केंद्र से सवाल किया कि क्या इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने महामारी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को गुमराह किया या पीएम ने संगठन को?
——–
उत्तर प्रदेश में एक बुजुर्ग महिला ओमवती की सूझबूझ की वजह से बड़ा हादसा टल गया। गुरुवार सुबह 8 बजे के करीब एटा जलेसर टूंडला पैसेंजर ट्रेन एटा से चलकर टूंडला जा रही थी। कुसबा गांव में रेलवे ट्रैक टूटा हुआ था। ओमवती ने जब ये देखा तो उन्होंने अपनी लाल साड़ी का पल्लू लकड़ी की मदद से ट्रैक पर लहराया। इसे देखकर पायलट ने ट्रेन रोक दी।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शुक्रवार 1 अप्रैल 2022 का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। शनिवार 2 अप्रैल 2022 को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना रात को प्राईम टाईम में आठ बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

———