तीन संतान वाले शिक्षकों की सेवा समाप्ति की कार्यवाही आरंभ!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 1 अप्रैल 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
लगभग तीन सालों से टल रहे पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव प्रदेश में फिलहाल नहीं होंगे। इन्हें विधान सभा चुनाव 2023 के बाद ही कराया जाएगा। ये बात लगभग तय हो गई है। यानी गांव शहर की सरकार के लिए अभी इंतजार करना होगा। उक्ताशय की बात मुख्यमंत्री निवास के भरोसेमंद सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कही। सूत्रों ने कहा कि दरअसल चुनावों में आरक्षण, परिसीमन और रोटेशन का झोल फंस गया है। ओबीसी रिजर्वेशन का सरकार का दांव पहले ही सुप्रीम कोर्ट में उल्टा पड़ चुका है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि अभी पंचायत निकाय चुनाव में लंबा वक्त लग सकता है। फिलहाल सरकार की चुप्पी को देखकर इन बातों में दम ही प्रतीत हो रहा है कि नगरीय निकाय चुनावों को अगले विधान सभा चुनावों के बाद ही कराया जा सकता है।
——–
प्रदेश के तीन संतान वाले शिक्षकों की सेवा समाप्ति की कार्यवाही शुरू हो गई है। इस संबंध में 955 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 160 शिक्षकों ने तीसरी संतान पैदा होने कारण बताया है। गौरतलब है कि विधानसभा में सरकारी कर्मचारियों की तीसरी संतान पैदा होने के बारे में प्रश्न पूछा गया था। दरअसल, प्रदेश में 26 जनवरी 2001 के बाद से यह नियम लागू किया गाय है कि यदि शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के यहां यदि तीसरी संतान हुई है तो वे नौकरी के लिए अपात्र हो जाएंगे।
——–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को संबोधित किया। बच्चों को अनेक टिप्स दिए गए। वहीं भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बच्चों के साथ बैठकर चर्चा की। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने हमला बोला है। कमल नाथ ने पीएम मोदी की परीक्षा पे चर्चा के सवाल पर कहा कि महंगाई, रोजगार पर चर्चा नहीं होगी। जनता का ध्यान मोड़ना, जनता को मूर्ख बनाना यही कार्यक्रम चल रहा है। पेट्रोल, डीजल, सिलेंडर, राशन, बीज, खाद, तेल सब महंगा हो रहा है और शराब सस्ती हो रही है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 1 अप्रैल दो हजार बाईस का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन।
——–
प्रदेश में नई शराब नीति 01 अप्रैल से लागू हो गई है। इसके बाद शराब सस्ती हो गई है। 31 मार्च को प्रदेश में अधिकांश जगहों पर ऑफर देकर शराब की बिक्री हुई है। शिवराज सरकार के इस फैसले पर उमा भारती खुलकर सामने आ गई हैं। उन्होंने एक के एक ट्वीट कर सरकार के फैसले का विरोध किया है। साथ ही लिखा है कि हम शर्मिंदा हैं।
——–
प्रदेश में शराब दुकानों की नीलामी के लिए अवधि बीतने के बाद शुक्रवार को दो दिन की वृद्धि कर दी गई। अब दो दिन और ठेके होंगे। अभी एक हजार 124 समूहों का ठेका होना बाकी है। 999 के ठेके हो चुके हैं। इससे सरकार को 11 हजार 28 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा। वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने शराब दुकानों की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य से 15 प्रतिशत कम पर भी ठेके देने का निर्णय लिया गया है।
——–
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रेडक्रास सोसायटी की प्रबंध समिति के सदस्यों, पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई। भारतीय रेडक्रास सोसायटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा का प्रबंध समिति शपथ विधि कार्यक्रम शुक्रवार को राजभवन के सांदीपनि सभागार में किया गया था। राज्यपाल श्री पटेल ने रेडक्रास सोसायटी के सदस्यों, पदाधिकारियों को रेडक्रास की नियमावली के सात सिद्धांतों मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्व प्रेरित सेवा, एकता और सार्वभौमिकता का जिम्मेदारी और निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई गई।
——–
जीएसटी काउंसिल की अनुसंशा के अनुसार केन्द्र सरकार द्वारा जीएसटी के तहत जारी किये गये नोटिफिकेशन एक अप्रैल 2022 से मध्यप्रदेश में प्रभावी हो गये हैं। इसके अनुसार भटटों (ईंट निर्माताओं के लिए) कंपोजीशन लेवी समाप्त कर दी गई है। ट्रेडर को यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्हें 1.5 करोड़ रूपये तक के टर्न ओवर पर 1 फीसदी कंपोजीशन लेवी देनी होगी। इस संबंध में जारी अधिसूचना एक अप्रैल 2022 से राज्य में प्रभावी हो गई है। प्रदेश में ईंट के ट्रेडर्स के लिए 1 अप्रैल 2022 से पंजीयन सीमा 40 लाख के स्थान पर 20 लाख रूपये कर दी गई है। ईंट के ट्रेडर्स जो कंपोजीशन लेवी का विकल्प नहीं लेते है, वे 12 फीसदी जीएसटी, आईटीसी के साथ अथवा 6 फीसदी जीएसटी बिना आईटीसी जमा किया जाना होगा। अब ईंटों पर 5 फीसदी की दर के बजाय 12 फीसदी जीएसटी देय होगी।
——–
राज्य शासन ने छठे वेतनमान में देय मंहगाई भत्ते की दर में एक मार्च 2022 से 25 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। इसका भुगतान अप्रैल 2022 से होगा। वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिये हैं। इस वृद्धि से मंहगाई भत्ते की दर एक मार्च 2022 से 196 प्रतिशत हो जायेगी।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 1 अप्रैल दो हजार बाईस का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन।
——–
प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में 5वीं और 6वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों का वार्षिक मूल्यांकन 01 अप्रैल से शुरू हुआ। पहले दिवस विद्यार्थियों ने विशिष्ठ भाषा का पेपर हल किया। संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र धनराजू एस ने बताया कि, वार्षिक मूल्यांकन के प्रथम दिवस प्रदेश भर के लगभग 30 हजार केन्द्रों पर 93 हजार स्कूलों के 17 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रयास यही रहा है कि समूची व्यवस्थाएँ पारदर्शी हो और विद्यार्थियों को कोई असुविधा न हो। इसके लिए बच्चों को उनके घरों के पास ही परीक्षा केन्द्रों का आवंटन किया गया है। साथ ही सभी व्यवस्थाएँ ऑन लाइन कर देने से बच्चों को परीक्षा देने में भी सहजता है।
——–
पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने बताया कि प्राकृतिक जल स्त्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिये उनकी सतत निगरानी की जा रही है। पर्यावरण विभाग द्वारा प्रदेश की 85 नदियों एवं उनकी सहायक नदियों की जल गुणवत्ता का मापन कार्य किया जा रहा है। पिछले डेढ़ वर्ष में प्रमुख नदियों, उनकी सहायक नदियों, झील, बांध, तालाब, भू जल स्त्रोत और नालों से 12 हजार 357 जल नमूने एकत्रित कर जल गुणवत्ता का विश्लेषण किया गया।
——–
नवरात्र पर मैहर जाने वाले यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन कल यानि शनिवार से चलेगी। कटनी से मैहर होकर सतना के लिए मेला स्पेशल ट्रेन नं. 01127 चलाई जाएगी। नवरात्र मेले को देखते हुए रेलवे ने 2 से 16 अप्रैल तक के लिए मैहर स्टेशन में रोका जाएगा। इसके लिए 8 जोड़ी यात्री गाड़ियों को यहां शनिवार से रोकने का निर्णय लिया है। इनमें कुर्ला गोरखपुर, कुर्ला छपरा, चेन्नई छपरा, सिकंदराबाद दानापुर, वलसाड मुजफ्फरपुर, एलटीटी गुवाहाटी, सूरत छपरा और एलटीटी प्रयागराज ट्रेन को मैहर स्टेशन पर रोका जाएगा। इसके बाद अब नवरात्र में 36 जोड़ी यात्री गाड़ियों का ठहराव हो गया है।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 1 अप्रैल दो हजार बाईस का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। शनिवार 2 अप्रैल दो हजार बाईसको एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना रात को प्राईम टाईम में आठ बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

———