हाड गलाने वाली सर्दी के लिए रहें तैयार . . .

मंगलवार से सर्द हवाओं की हो सकती है आमद!
(महेश रावलानी)


सिवनी (साई)। सिवनी में सर्दी का अहसास होना आरंभ हो गया है। यद्यपि दिन में धूप तेज ही लग रही है, पर शाम ढलते ही सर्दी अपना अहसास कराती नजर आने लगी है।
प्रदेश में शनेः शनेः सर्दी अपने शवाब पर आती दिख रही है। प्रदेश में शीतलहर चलने वाली है। प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाने लगी है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। प्रदेश में सतपुड़ा की रानी कहे जाने वाले पंचमढ़ी में सर्दी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। पचमढ़ी में तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। अभी लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
सोमवार से आरंभ होने वाले सप्ताह से तापमान में गिरावट की अधिक संभावना है। मौसम विज्ञानियों ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने कहा कि प्रदेश में अभी कोई सिस्टम नहीं है। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क है। साथ ही नमी बनी हुई है।
मौसम विज्ञानियों की मानें तो आने वाले दिनों में शुष्क मौसम ही कुछ दिनों तक प्रदेश में रहेगा। अभी तापमान अधिकतर जगहों पर सामान्य से कम है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम विभाग ने छतरपुर, जबलपुर और बालाघाट में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। कोई विशेष बदलाव नहीं होने वाला है।
मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सिवनी में सोमवार और मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है जो बुधवार को एक डिग्री उतरकर 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ सकता है। इसके अलावा मंगलवार और बुधवार को 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं जो सर्दी का अहसास जमकर कराने में उत्प्रेरक की भूमिका भी अदा कर सकती हैं।