मौसम के मिज़ाज से चकित हैं लोग!
(महेश रावलानी)
सिवनी (साई)। एक समय था जब अक्टूबर माह के दूसरे पखवाड़े से ही सर्दी आमद देना आरंभ कर देती थी। दिसंबर आते – आते हाड़ गलाने वाली सर्दी का आगाज़ हो जाता था। सिवनी के इतिहास में संभवतः यह पहला मौका होगा जब दिसंबर माह के आरंभ होने के बाद भी लोग, गुलाबी ठण्ड का ही आनंद लेते दिख रहे हैं।
अमूमन नवंबर माह में सर्द हवा के झोंके सिहरन उत्पन्न करने लगते हैं। विशेषकर दिसंबर की शुरूआत में रात के वक्त तापमान में खासी गिरावट होने लगती है, लेकिन इस बार दिसंबर आरंभ होने पर भी ठण्ड नदारद है। इसी क्रम में 02 दिसंबर को शहर का न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 04 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दक्षिण – पूर्व अरब सागर और पूर्वी – पश्चिम अरब सागर में कम दबाव के क्षेत्र बने हुए हैं। इन सिस्टम के कारण प्रदेश में बड़े पैमाने पर नमी आने का सिलसिला जारी है। वातावरण में नमी के कारण सिवनी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छा गये हैं। धूप नहीं निकलने के कारण दिन के तापमान में गिरावट होने लगी है, लेकिन रात का तापमान बढ़ा हुआ है। सोमवार को दिन में धूप की तल्खी बहुत ही कम रही।
सूत्रों के मुताबिक इस वर्ष नवंबर माह में भी बरसात हुई। इसके अलावा वातावरण में नमी लगातार बनी रहने के साथ ही हवा का रुख भी लगातार उत्तरी नहीं हुआ। इस वजह से अभी तक रात के तापमान में गिरावट नहीं हो सकी है। अरब सागर में बने हुए कम दबाव के क्षेत्र मंगलवार तक शक्तिशाली गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने के आसार हैं। इसके चलते 05 दिसंबर तक प्रदेश में बादलों की मौजूदगी के साथ हल्की बरसात का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान प्रदेश की राजधानी में भी हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम साफ होने के बाद ही रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस एवं रात में यह 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके पहले मंगलवार से तापमान में गिरावट की उम्मीद सूत्रों ने जतायी थी। अब बुधवार से तापमान में गिरावट की उम्मीद सूत्रों ने जतायी है।